Raat Akeli Hai 2 : नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मर्डर मिस्ट्री एक धमाकेदार मूवी, जाने इस थ्रीलर मूवी के बारे में, क्यूँ है खास
एक धमाकेदार क्राइम थ्रिलर मूवी 2020 में धूम मचाने वाली ‘Raat Akeli Hai’ का सीक्वल आ चुका है और इस बार कहानी और भी दमदार है। ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है और पहले सीन से ही दर्शकों को अपनी गिरफ्त में ले लेती है।

Raat Akeli Hai 2 की कहानी शुरू होती है उत्तर प्रदेश के कानपुर से, जहां मीडिया जगत का नामी परिवार बंसल फैमिली रहती है। एक रात अचानक परिवार के छह सदस्यों की रहस्यमयी हत्या हो जाती है। इससे पहले उनके घर में एक जानवर का कटा हुआ सिर भी मिलता है और कई पक्षी मरे हुए पाए जाते हैं। यह मामला हाई प्रोफाइल है तो जांच की कमान संभालते हैं इंस्पेक्टर जटिल यादव यानि नवाजुद्दीन सिद्दीकी का किरदार। लेकिन ये कोई साधारण मर्डर केस नहीं है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, सामने आते हैं काला जादू, गुरु मां, अवैध निर्माण और सियासत के गंदे खेल और बहुत कुछ।
फिल्म Raat Akeli Hai 2 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आखिरी तक आपको कातिल का अंदाजा भी नहीं लग पाता। हर दृश्य में कुछ नया होता है, कोई नया किरदार सामने आता है जो पूरा दिमाग घुमा देता है। परिवार के सदस्यों से लेकर रिश्तेदारों तक, हर कोई शक के घेरे में होते है। कहानी सिर्फ मर्डर मिस्ट्री तक सीमित नहीं रहती बल्कि भारत की उस समाज की उन सच्चाइयों को भी छूती है जहां पावर और पैसे के दम पर सच्चाई दबा दी जाती है। अंधविश्वास, आध्यात्मिक प्रभाव और सिस्टम की राजनीति सब कुछ इस मूवी के थ्रिलर का हिस्सा है।
Raat Akeli Hai 2 एक्टिंग की बात करें तो…
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इंस्पेक्टर जटिल यादव के किरदार में एक बार फिर धमाल मचा दिया है। बिना किसी बेकार की हीरोगिरी के, अपने लाजवाब ऐक्टिंग के बदोल, वो एक थके हुए लेकिन ईमानदार पुलिस ऑफिसर को पर्दे पर जिंदा कर देते हैं। घर में मां के सामने प्यारा बेटा और फील्ड पर सख्त इंस्पेक्टर दोनों रोल परफेक्ट निभाते है नवाजुद्दीन सिद्दीकी।
चित्रांगदा सिंह मीरा के किरदार में कमाल की हैं। एक रहस्यमयी और मजबूत महिला का किरदार उन्होंने बड़ी खूबसूरती से निभाया है, हालांकि उनके रोल को थोड़ा और बेहतर लिखा जा सकता था। दीप्ति नवल गुरु मां के किरदार में चौंका देती हैं। उनका शांत लेकिन रहस्यमयी अंदाज फिल्म को एक अलग डाइमेंशन देता है। ऐसे किरदार में उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया है।
राधिका आप्टे जटिल की लव इंटरेस्ट के रूप में कैमियो रोल में हैं। स्क्रीन टाइम कम है लेकिन जो है वो फिल्म में इम्पैक्टफुल है। रेवती फॉरेंसिक डॉक्टर पनीकर के किरदार निभाती हुई दिखती है। वही रजत कपूर डीजीपी के रोल में और ईला अरुण नवाज की मां के किरदार में बेहतरीन हैं। संजय कपूर और अखिलेंद्र मिश्रा ने भी छोटे रोल में अच्छा काम किया है।
निर्देशन और राइटिंग
हनी त्रेहन का निर्देशन फिल्म की रीढ़ है। उन्होंने बनावटी ट्विस्ट देने के बजाय कहानी को धीरे-धीरे खोला है, जो सस्पेंस को और गहरा बना देता है। स्मिता सिंह की कहानी में दम है, हालांकि कुछ जगहों पर और रहस्य बनाया जा सकता था।
कैमरा वर्क, बैकग्राउंड स्कोर, सिनेमैटोग्राफी (सीर्षा रे) और एडिटिंग (तान्या छाबड़िया) – सबकुछ मिलकर एक परफेक्ट थ्रिलर का माहौल बनाते हैं।
हर अच्छी फिल्म की कुछ कमियां होती हैं। यहां Raat Akeli Hai 2 में भी कुछ सीन जरूरत से ज्यादा लंबे खिंच गए हैं। जैसे छह लाशों को बार-बार दिखाना फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी कर देता है। नवाजुद्दीन और राधिका के रिश्ते को ज्यादा एक्सप्लोर नहीं किया गया है। ज्यादातर सीन एक कमरे में ही हैं, जिससे यह रिश्ता अधूरा सा लगता है। संजय कपूर का किरदार भी पूरी तरह नहीं खुल पाया। डीजीपी समीर वर्मा का किरदार भी थोड़ा उलझाने वाला है। सारे सबूत होने के बाद भी वो केस को जल्दी निपटाने की कोशिश क्यों करता है, यह समझ से परे है।
यह भी पढ़े :- Border 2 का धमाकेदार टीजर हुआ लॉन्च, चौकाने वाला रिव्यू आया सामने
अगर आप तेज-तर्रार एक्शन और धमाके वाली फिल्में पसंद करते हैं तो Raat Akeli Hai 2 फिल्म आपको थोड़ी स्लो लग सकती है। लेकिन अगर आप असली क्राइम थ्रिलर मूवीज के फैन हैं, जहां दिमाग लगाना पड़े, जहां हर किरदार संदिग्ध लगे और आखिरी तक सस्पेंस बना रहे तो यह फिल्म आपके लिए बनी है।
साउथ की मर्डर मिस्ट्रीज ने बार काफी ऊंचा सेट किया है खास कर मल्यालम मूवीज। हिंदी सिनेमा में ऐसी क्वालिटी थ्रिलर की कमी खलती रही है और ‘Raat Akeli Hai’ फ्रेंचाइजी इस खाई को पाटने की कोशिश कर रही है। RSVP और नेटफ्लिक्स ने Lust Stories और Mismatched के बाद एक और कामयाब फ्रेंचाइजी बना दी है। अब इंतजार है तीसरे पार्ट का।
क्राइम थ्रिलर प्रेमी यह मूवी जरूर देखें। मजबूत एक्टिंग, दमदार कहानी और लगातार बने रहने वाले सस्पेंस के लिए यह फिल्म वीकेंड प्लान में जरूर शामिल करें।

