FMGE दिसंबर 2025 का रिजल्ट आ गया! 10,264 छात्रों ने मारी बाजी, यहां देखें अपना स्कोर

नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए जरूरी FMGE (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) दिसंबर 2025 सत्र का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 43,933 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 10,264 छात्र सफल हुए हैं। 17 जनवरी 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी अब अपना रिजल्ट NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।

स्कोरकार्ड कब मिलेगा?

अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल हुए थे और अपना विस्तृत स्कोरकार्ड डाउनलोड करना चाहते हैं, तो आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। NBEMS की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, FMGE दिसंबर 2025 में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत स्कोरकार्ड 6 फरवरी 2026 को या उसके बाद NBEMS की वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।

बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण बात स्पष्ट की है कि स्कोरकार्ड जारी होने की तारीख से सिर्फ छह महीने की अवधि के लिए ही डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस समय सीमा के बाद स्कोरकार्ड की मांग स्वीकार नहीं की जाएगी, क्योंकि छह महीने बाद ये स्कोरकार्ड NBEMS की वेबसाइट पर होस्ट नहीं रहेंगे। इसलिए NBEMS ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भविष्य में जरूरत पड़ने पर उपयोग के लिए अपने स्कोरकार्ड को सुरक्षित रखें।

NBEMS ने बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद FMGE दिसंबर 2025 के प्रश्न पत्र में शामिल हर सवाल की संबंधित विषय के विशेषज्ञ प्रोफेसरों द्वारा दोबारा समीक्षा की गई। इस समीक्षा का उद्देश्य सवालों और उत्तर कुंजी की तकनीकी शुद्धता को फिर से जांचना था। समीक्षा के दौरान पता चला कि एक सवाल तकनीकी रूप से गलत था। इसके लिए बोर्ड ने फैसला लिया है कि उस सवाल के नंबर परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे। वहीं, एक दूसरे मामले में एक सवाल के दो सही जवाब पाए गए। ऐसे में जिन छात्रों ने दोनों में से कोई भी सही विकल्प चुना है, उन्हें उस सवाल के पूरे अंक दिए गए हैं।

NBEMS ने आगे जानकारी दी है कि FMGE पास सर्टिफिकेट सिर्फ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर ही वितरित किए जाएंगे। यह सर्टिफिकेट पहचान और प्रमाण पत्रों की पुष्टि के बाद ही दिए जाएंगे। व्यक्तिगत सत्यापन और पास सर्टिफिकेट वितरण का कार्यक्रम अलग से NBEMS की वेबसाइट पर सूचित किया जाएगा। घोषित रिजल्ट सफल व्यक्तिगत सत्यापन के अधीन है।

NBEMS ने बताया कि सभी राज्य मेडिकल काउंसिल को सीधे बोर्ड द्वारा MS Excel फॉर्मेट में डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित रिजल्ट प्रदान किए जाएंगे। यह उन योग्य उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए FMGE पास सर्टिफिकेट की पुष्टि करने के उद्देश्य से किया जाएगा। वेबसाइट पर प्रकाशित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित PDF रिजल्ट सिर्फ अभ्यर्थियों को उनके परिणाम की सूचना देने के लिए है। राज्य मेडिकल काउंसिल को निर्देश दिए गए हैं कि वे भविष्य में सत्यापन के लिए डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित रिजल्ट को सुरक्षित रखें। NBEMS ने साफ कर दिया है कि सत्यापन के लिए उनसे अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

यह भी पढ़े :- CLAT Result 2026 क्लॅट परीक्षा के नतीजे घोषित, जाने रिजल्ट की जानकारी विस्तार से

उम्मीदवारी अस्थायी है, पात्रता जरूरी

NBEMS ने दोहराया है कि उम्मीदवारी पूरी तरह से अस्थायी है और FMGE दिसंबर 2025 सूचना में उल्लिखित पात्रता मानदंडों की पूर्ति के अधीन है। यदि परीक्षा प्रक्रिया के किसी भी चरण में कोई अपात्रता का पता चलता है, तो उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी, भले ही रिजल्ट घोषित हो चुका हो या पास सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया हो।

अगर आपके मन में कोई सवाल है या आपको किसी तरह की जानकारी चाहिए, तो आप NBEMS से 011-45593000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आप NBEMS कम्युनिकेशन वेब पोर्टल के माध्यम से भी अपनी क्वेरी भेज सकते हैं। यह परीक्षा उन मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए बेहद जरूरी है जिन्होंने विदेश से अपनी मेडिकल की पढ़ाई पूरी की है और अब भारत में प्रैक्टिस करना चाहते हैं। FMGE पास करना उनके लिए अनिवार्य है।

यह भी पढ़े